96 वर्षीय जबर सिंह ने पेश की जबरदस्त मिसाल, मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 7 लाख

देहरादून, 20 सितम्बर : देहरादून में शनिवार को एक ऐसा पल देखने को मिला जिसने हर किसी के दिल को छू लिया। 96 वर्ष की आयु में भी समाज के प्रति अपने कर्तव्य और संवेदना को जीवित रखते हुए जबर सिंह रावत ने अपनी जीवनभर की कमाई में से सात लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर भेंट के दौरान यह राशि आपदा पुनर्निर्माण कार्यों के लिए समर्पित की गई।
मुख्यमंत्री धामी इस भावुक क्षण के साक्षी बने और उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड केवल वीरता और आस्था की धरती ही नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता की भी भूमि है। उन्होंने कहा कि जबर सिंह रावत इसका जीता-जागता उदाहरण हैं। 96 वर्ष की उम्र में भी उनका यह त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने रावत जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और पूरे प्रदेश की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की। इस मौके पर देहरादून कैंट क्षेत्र की विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं।
बुजुर्ग जबर सिंह रावत की यह आहुति केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि उनके जीवनभर के अनुभवों, समाज के प्रति प्रेम और उत्तरदायित्व का प्रतीक बनकर हमेशा याद रखी जाएगी।
Health से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


