
रेड अलर्ट के चलते सोमवार को कई जिलों के स्कूल रहेंगे बंद
देहरादून, टिहरी, पौड़ी,बागेश्वर और हरिद्वार जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका
देहरादून, 31अगस्त। अगस्त खत्म होने के बावजूद उत्तराखंड में मानसून का कहर थम नहीं है। विज्ञान केंद्र ने सोमवार, 1 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी,बागेश्वर और हरिद्वार जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए भी भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार को अवकाश घोषित किया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी प्रशासन ने स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें। मौसम विभाग ने मंगलवार, 2 सितंबर को भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।


