मानसून के तेवर कुछ ढीले, भारी बरसात से कुछ राहत, हालांकि अगले 4 दिन येलो अलर्ट

देहरादून, 04 सितंबर। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहाड़ी इलाकों में बदल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के तेवर कुछ ढीले पड़े है। फिलहाल बारिश का सिलसिला कुछ दिनों तक जारी रहेगा, लेकिन धीरे-धीरे इसके कमजोर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर और बागेश्वर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में ठंडक का असर साफ महसूस किया जा रहा है। केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी भी हो चुकी है, जिससे केदारपुरी में अभी से सर्द हवाओं का अहसास होने लगा है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे साफ होगा और तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
राज्य में अगले चार दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल लोगों को सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि बारिश का असर भले ही धीमा हो रहा हो, लेकिन संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति परेशानी खड़ी कर सकती है।


