बागेश्वर आपदा प्रभावितों से मिले मुख्यमंत्री धामी, हर संभव मदद का दिया भरोसा

बागेश्वर, 07 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावितों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके बाद उन्होंने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से राहत और बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि के कारण पौंसरी के खाईजर तोक में पांच मकान मलबे में दब गए थे। वहां रहने वाले छह लोगों में से पांच दब गए, जिनमें से अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। शेष दो की खोज के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, डॉग स्क्वाड और ड्रोन की मदद से अभियान जारी है। प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित कर दी गई है और सभी आवश्यक सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन कर शीघ्र पुनर्वास प्रक्रिया को गति दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन को दुरुस्त करने के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस दौरान विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


