शिक्षकों को “मार्गदर्शक श्री सम्मान” से नवाजा

देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर सांख्य योग फाउंडेशन, इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइकोमेट्रिक काउंसलिंग और बैगिट कंसलटिंग ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में “मार्गदर्शक श्री सम्मान 2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में विभिन्न विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने योगदान से शिक्षा जगत को नई दिशा दी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रिटायर्ड जस्टिस राजेश टंडन, राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी परिषद के सदस्य सुभाष भरतवाल और हिमाचल टाइम्स ग्रुप की ओनर इंद्राणी पंडी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान मुख्य आयोजक डॉ. मुकुल शर्मा ने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में सबसे अहम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के दीपक होते हैं, जिनके बिना किसी भी देश की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते बल्कि संस्कार और सभ्यता से भी व्यक्ति को जोड़ते हैं।
बैगिट कंसलटिंग ग्रुप की डायरेक्टर प्रिया गुलाटी ने भी शिक्षकों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार जीवन के लिए ऑक्सीजन आवश्यक है, उसी तरह हर व्यक्ति के जीवन में शिक्षक का स्थान है। उन्होंने कहा कि शिक्षक हमें केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि समाज में पहचान और सही दिशा भी प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर जिन शिक्षकों को “मार्गदर्शक श्री सम्मान” से नवाजा गया उनमें आदर्श भाटिया, नमिता ममगाईं, डॉ. स्वाति उनियाल, एनी सिंह, अर्चना यादव कपूर, ललिता कोटिया, प्रिया खुराना, रीना जागी, मेघा सुनेजा, डॉ. उपमा शुक्ला, शिप्रा खन्ना, डॉ. जुही गर्ग, डॉ. मोना खन्ना, अरुंधति शुक्ला, विशाल, छवि गुप्ता, कुसुम गुसाईं, शालिनी रोहिल्ला, नलिनी आनंद, चन्दन सिंह घुघत्याल, राजकुमार त्रेहन और डॉ. उमा शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हिमांशु पुंडीर, डॉ. रोमी सलूजा, डॉ. ऊर्जा आहूजा, ऋषिदीप, भावना जी और विपिन खन्ना मौजूद रहे। मंच संचालन का दायित्व श्रीमती चंद्र आर्य और गीता चौधरी ने निभाया।


