रामणी मेले में गई नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

चमोली, 09 सितम्बर। जनपद चमोली के नन्दानगर क्षेत्र से नाबालिग के साथ दुष्कर्म की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची गांव के पास ही आयोजित रामणी में गई थी। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने करवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में रोष का माहौल है।ग्रामीणों ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बीते 31 अगस्त को रामणी मेले में गई एक नाबालिग बालिका देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों की बेचैनी और ग्रामीणों की खोजबीन के बीच यह जानकारी सामने आई कि बच्ची को मेले में ग्राम ईराणी निवासी 27 वर्षीय योगेन्द्र सिंह के साथ देखा गया था। परिजन द्वारा थाने में दी गई तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार खोजबीन और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को आरोपी योगेन्द्र सिंह को कस्बा नन्दानगर से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में गंभीर धाराओं—भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (2)(ड) और पोक्सो एक्ट की धारा 5(ठ)/6—को शामिल किया गया है। ये धाराएं नाबालिगों से जुड़े लैंगिक अपराधों के लिए कठोर सजा का प्रावधान करती हैं।
घटना ने स्थानीय समाज को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मासूम बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं हैं और ऐसे मामलों में कठोर दंड देकर ही अपराधियों को रोकना संभव है। यह मामला सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाला है।
देहरादून की महिलाओं ने भी रिपोर्ट को नकारा, बोलीं दून में नहीं लगता डर


