एक माह बाद गंगोत्री यात्रा शुरू, यमुनोत्री के लिए अभी इंतजार

उत्तरकाशी, 10 सितंबर 2025: उत्तराखंड में मानसून की आपदा के बाद, चारधाम यात्रा का दूसरा चरण अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जानकारी दी कि गंगोत्री धाम की यात्रा मंगलवार से दोबारा शुरू हो गई है, लेकिन यमुनोत्री धाम के भक्तों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। यमुनोत्री यात्रा 12 सितंबर के बाद शुरू करने पर विचार किया जाएगा।
सीमित संख्या में गंगोत्री जा सकेंगे श्रद्धालु
जिलाधिकारी ने बताया कि गंगोत्री धाम की यात्रा मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए, सीमित संख्या में ही तीर्थयात्रियों को अनुमति दी जा रही है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरासू, नालूपानी, हेलगुगाड़ और डबरानी जैसे कई संवेदनशील स्थान हैं, जहां भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इन जगहों पर सड़क को सुरक्षित और सुचारू रखने के लिए पर्याप्त मशीनरी और टीमें तैनात हैं।
यमुनोत्री यात्रा पर अपडेट
यमुनोत्री धाम की यात्रा को लेकर भी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर जंगलचट्टी, बनास और फूलचट्टी के पास भारी नुकसान हुआ है। जंगलचट्टी में करीब 150 मीटर और बनास में 40 मीटर सड़क का हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया था। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NH) 12 सितंबर तक इन मार्गों को सुचारू करने का प्रयास कर रहा है, जिसके बाद ही यमुनोत्री यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले जिला प्रशासन द्वारा जारी की गई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करें। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त तक गंगोत्री धाम में 6,68,365 और यमुनोत्री धाम में 5,85,237 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन सीमित संख्या में ही यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति देगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


