“सड़क किनारे सजाए मयखाने, पुलिस ले आई थाने”

देहरादून, 10 सितंबर। राजधानी की सड़कों को देर रात तक ‘बार’ और ‘मयखाना’ बनाने वालों पर दून पुलिस की सख्ती जारी है। प्रेमनगर और रायपुर इलाकों में खुलेआम शराबखोरी कर रहे 47 लोगों की रंगीन महफिल मंगलवार रात पुलिस ने उजाड़ दी। सड़क किनारे बोतलें खोलकर मयखाना सजाने वाले सभी लोग सीधे थाने पहुंचा दिए गए, जहां उनकी न सिर्फ फजीयत हुई बल्कि जेब भी हल्की हो गई। पुलिस ने इनसे कुल 11,750 रुपये का जुर्माना वसूला, साथ ही तीन वाहनों को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में दून पुलिस की टीमें प्रेमनगर बाजार, नंदा की चौकी, सुद्धोवाला, झाझरा, बिधोली, पौंधा और रायपुर के रिंग रोड व बाजारों में तैनात थीं। रात ढलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और सड़क किनारे शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों को एक-एक कर दबोच लिया।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। दून पुलिस का यह सख्त रुख उन तमाम शराबबाजों के लिए चेतावनी है जो सार्वजनिक स्थानों को मयखाने में बदलने की कोशिश करते हैं।


