नशा करने के लिए चुरा ली मर्सिडीज कार, पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा

देहरादून, 12 सितंबर 2025। राजधानी देहरादून में गुरुवार को हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी ने सभी को हैरान कर दिया। मगर पुलिस की मुस्तैदी ने इस वारदात को महज़ कुछ घंटों में ही सुलझा डाला। मामला डालनवाला क्षेत्र के नेमि रोड का है, जहां से एक नामचीन कारोबारी की लग्ज़री मर्सिडीज़ कार पर ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
सुबह होते ही गाड़ी गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। मानव जौहर ने डालनवाला थाने में मर्सिडीज कार (DL 7C S 2101) के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान मैन्युअल पुलिसिंग और खुफिया सुरागों के आधार पर पुलिस की नज़र लाडपुर के जंगलों पर पड़ी। यहां से पुलिस ने कार समेत दो संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान मोनू (25 वर्ष) और अमन के रूप में हुई, जो राजपुर की कैनाल रोड क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने माना कि वे नशे के आदी हैं और नशे की तलब पूरी करने के लिए इस चोरी को अंजाम दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी किसी फिल्मी अंदाज़ से कम नहीं थी। दोनों ने घर के गार्ड को सोता देख मौका साधा और उसके बगल में रखी चाबी उठा ली। उसी चाबी से उन्होंने गाड़ी को स्टार्ट किया और फरार हो गए।
पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों ने बड़ी चालाकी से गाड़ी की नंबर प्लेट को अखबार से ढक रखा था। योजना थी कि गाड़ी को शहर से बाहर ले जाकर मोटी रकम में बेच दिया जाए, लेकिन पुलिस की तेज़ी ने उन्हें ज्यादा दूर तक निकलने का मौका ही नहीं दिया।


