दुनिया का सबसे ऊंचा Adventure: मो. हारून ने उमलिंग ला पर रचा नया इतिहास़
देहरादून, 12 सितंबर। एडवेंचर राइडिंग की दुनिया में देहरादून के जज़्बाती राइडर और मोटोव्लॉगर मो. हारून ने ऐसा कीर्तिमान रच दिया है, जो भारत के बाइकिंग इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास उमलिंग ला (5,798 मीटर / 19,024 फीट) पर पहली बार अकेले मोटरसाइकिल के साथ रातभर कैंपिंग करके नया रिकॉर्ड बनाया। उनका यह रिकॉर्ड India Book Of Records में दर्ज किया गया है।

रातभर कैंपिंग करके नया रिकॉर्ड

उमलिंग ला जैसे कठिन और खतरनाक इलाके में रात बिताना किसी भी राइडर के लिए आसान नहीं। बर्फ़ीली ठंड, ऑक्सीजन की कमी और बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच हारून ने अपने जुनून और तैयारी के दम पर पूरी रात गुज़ारी और साबित कर दिया कि एडवेंचर का असली मज़ा मुश्किलों को मात देने में है। उन्होंने बताया कि हारून की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उत्तराखंड, बल्कि पूरे भारतीय बाइकिंग समुदाय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। हारून का यह रिकॉर्ड हर उस राइडर के लिए प्रेरणा है, जो बड़ी चुनौतियों का सामना करने का सपना देखता है। अपने अनुभव और सफर के बारे में जानकारी देते हुए मो. हारून ने बताया कि यह सफर सिर्फ़ शिखर तक पहुँचने का नहीं था, बल्कि यह साबित करने का था कि अगर जुनून मज़बूत हो तो कठिन से कठिन हालात भी आपको रोक नहीं सकते। यह रिकॉर्ड हर उस राइडर का है जो बड़ा सपना देखता है।
सबसे बड़ा Adventure Riding Tour लक्ष्य
आगे की योजनाओं पर बात करते हुए मो. हारून ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य भारत में अब तक का सबसे बड़ा Adventure Riding Tour आयोजित करने के साथ-साथ एक World Tour पर निकलने का भी है। उन्होंने कहा कि यह सफर न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एडवेंचर राइडिंग को नई पहचान देगा। हारून ने यह भी साझा किया कि इस भव्य अभियान के लिए कई कंपनियों से स्पॉन्सरशिप की प्रक्रिया जारी है, जिससे यह प्रोजेक्ट और भी बड़े पैमाने पर सफल हो सकेगा। हारून अपने यूट्यूब चैनल ‘The Rider 93’ के माध्यम से Adventure अपनी यात्राओं, रोमांचक अभियानों और रिकॉर्ड बनाने वाले पलों को दुनिया के साथ साझा करते हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों के Adventure राइडर्स को नई प्रेरणा मिलती है।


