देहरादून में की जाएगी एक लाख लोगों की निःशुल्क जांच

देहरादून में की जाएगी एक लाख लोगों की निःशुल्क जांच

प्रदेश भर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा ‘‘सेवा पखवाड़ा’’

देहरादून, 12 सितंबर।
उत्तराखंड में आगामी 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक ‘‘सेवा पखवाड़ा’’ का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। इस दौरान पूरे प्रदेश में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ जैसी पहलें और विविध जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। राजधानी देहरादून में ही एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है।इसका उद्घाटन 17 तारीख को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार, देहरादून में स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा पखवाड़ा की रूपरेखा तय की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पर्व के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित किया कि केवल देहरादून जनपद में ही कम से कम एक लाख लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जाए।

सेवा पखवाड़ा का भव्य उद्घाटन 17 सितंबर को देहरादून के पटेल नगर मेडिकल कॉलेज परिसर में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, सांसद एवं विधायकगण भी शामिल होंगे। उद्घाटन के अवसर पर लगे स्वास्थ्य शिविर में सभी प्रकार की निःशुल्क सेवाएं आम जनता को प्रदान की जाएंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि रायपुर ब्लॉक मुख्यालय में 17 सितंबर को वृहद बहुउद्देशीय शिविर लगाया जाएगा। इसके साथ ही मसूरी, ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर, सहसपुर, सहिया, चकराता एवं नगर निगम देहरादून क्षेत्र में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

पखवाड़े के दौरान विकासखंड कालसी, चकराता, विकासनगर, सहसपुर, रायपुर और डोईवाला में ग्राम पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। प्रदेशभर के 314 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के माध्यम से शिविरों का आयोजन होगा। इन शिविरों में सामान्य ओपीडी, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, गैर-संचारी रोगों की जांच, टीबी स्क्रीनिंग, टीकाकरण, पैथोलॉजी जांच, परिवार नियोजन सेवाएं, निःशुल्क औषधि वितरण, विशेषज्ञ ओपीडी, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण और रक्तदान/ई-रक्तकोष पंजीकरण जैसी सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य शिविरों से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि अंतर्विभागीय समन्वय से ही इस महाअभियान को सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में मिशन निदेशक मनुज गोयल, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम हरिगिरी, एसडीएम कुमकुम जोशी सहित शहरी विकास, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

होमवर्क के डर से बच्चे छुपे जंगल में, पुलिस ने सुरक्षित परिजनों तक पहुँचाया

Sat Sep 13 , 2025
होमवर्क के डर से बच्चे छुपे जंगल में, पुलिस ने सुरक्षित परिजनों तक पहुँचाया टिहरी गढ़वाल, 13 सितम्बर। किताबों और कॉपियों का बोझ तो बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा है, लेकिन कभी-कभी वही बोझ डर में बदलकर मासूमों को भटका देता है। टिहरी में चार स्कूली बच्चे सिर्फ इसलिए स्कूल […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!