‘ऑपरेशन कालनेमि’: दो ढोंगी गिरफ्तार, महिलाओं से की थी ठगी

देहरादून, 13 सितम्बर। “ऑपरेशन कालनेमि” अभियान के तहत दून पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ऐसे ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है, जो साधु का वेश धारण कर महिलाओं को झांसे में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। परिजनों के साथ अनिष्ठ होने का भय दिखाकर रुपए और जेवर ऐंठ लिए थे।
यह मामला थाना रानीपोखरी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार दिनांक 10 सितम्बर को दो अज्ञात साधु भेषधारी व्यक्तियों ने एक महिला और उसकी सास को यह कहकर डरा दिया कि उनके पति/पुत्र पर दैवीय प्रकोप है और तीन दिन में उसकी मृत्यु हो जाएगी। भयभीत महिलाओं को पूजा-पाठ और जादू-टोने के नाम पर उन्होंने झांसे में लिया और उनसे 3500 रुपये नगद तथा कान की बालियां हड़प लीं। इसके बाद उन्हें धमकाया गया कि अगर इस घटना की जानकारी किसी को दी तो परिवारजन की जान को खतरा होगा।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा दर्ज किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर आज सुबह रानीपोखरी क्षेत्र के संनगाँव मार्ग पर घूम रहे दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहनूर (25) और गोपी (18), दोनों निवासी भीमनगर, जिला होशियारपुर, पंजाब, के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2100 रुपये नगद, पीड़िता की कान की बालियां और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (प्लेटिना, PB7CD6860) बरामद की।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वे साधु का वेश धारण कर भोले-भाले लोगों को डराकर इसी तरह ठगी करते हैं और पूजा-पाठ के नाम पर रुपए ऐंठते हैं। घटना वाले दिन भी वे किसी अन्य महिला को झांसा देने की फिराक में थे लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रानीपोखरी उपनिरीक्षक विकेन्द्र चौधरी, उपनिरीक्षक सीमा राघव, हेड कांस्टेबल शशिकांत और कांस्टेबल शशिकांत की टीम शामिल रही।


