मौसम बना केदारनाथ हेली सेवा में बाधा, नहीं शुरू हो सकी उड़ाने

रुद्रप्रयाग, 15 सितंबर। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए लंबे इंतजार के बाद सोमवार को हेली सेवाओं की शुरुआत होनी थी, लेकिन खराब मौसम ने एक बार फिर उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। सुबह से क्षेत्र में घना बादल छाया रहा और लगातार बारिश के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। नतीजतन निर्धारित समय पर कोई भी हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। अब उम्मीद है कि मौसम सुधरने पर मंगलवार से सेवाएं बहाल की जा सकेंगी।
इस वर्ष 2 मई से शुरू हुई हेली सेवाओं को उत्तरकाशी और केदारघाटी में हुए हादसों के बाद अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। इसके बाद सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गृह सचिव शैलेश बगौली की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यीय समिति ने नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की है। अब इन्हीं नियमों के तहत हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की भारी मांग का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर 10 सितंबर से शुरू हुई बुकिंग में 22 सितंबर तक की सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। हालांकि, मौसम की मार के कारण यात्रियों को एक बार फिर प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले कुछ दिनों तक केदारनाथ क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश बनी रह सकती है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा स्थिति और हेली सेवाओं के संचालन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।


