बुजुर्ग को 15 महीने तक चक्कर लगवाने वाले कानूनगो पर गिरेगी गाज

बुजुर्ग को 15 महीने तक चक्कर लगवाने वाले कानूनगो पर गिरेगी गाज

लोक अदालत के आदेश न मानने पर बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 15 सितंबर। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। चार घंटे चले इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड 194 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान जिलाधिकारी ने मौके पर ही किया। इस दौरान एक बुजुर्ग की शिकायत पर डीएम इतने नाराज़ हुए कि कानूनगो के खिलाफ करवाई के आदेश दे दिए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं—जमीन संबंधी विवाद, अतिक्रमण, घरेलू मामले, पेयजल, शिक्षा, नगर निगम, पुलिस और आर्थिक सहायता प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता की गैरहाजिरी पर उनका वेतन रोकने के आदेश दिए गए। 78 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल काला ने तहसील और कानूनगो द्वारा भूमि सीमांकन में लगातार टालमटोल की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों की पत्रावली तलब की और कानूनगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

ऋषिकेश निवासी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि उन्होंने 50 लाख रुपये का लोन लिया था और अब तक 55.93 लाख रुपये चुका चुके हैं। लोक अदालत में समझौते के बावजूद बैंक उन्हें एनओसी नहीं दे रहा और अधिकारी अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने यूनियन बैंक प्रबंधक के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही करने के आदेश दिए।

जनदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों से आई कई शिकायतें भी सामने आईं। मिसराज पट्टी नूनियास तक क्षतिग्रस्त कच्चे मोटर मार्ग को लेकर डीएम ने एडीएम को तत्काल जांच और मरम्मत के निर्देश दिए। ग्राम नाडा और लहून में आपदा से क्षतिग्रस्त मकानों और रास्तों पर शीघ्र आकलन कर राहत देने के आदेश दिए गए। हनोल क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों और पुलिया की समस्या पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विजय पार्क निवासी बुजुर्ग दंपत्ति, जिनकी कोई संतान नहीं है और जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं, ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। डीएम ने मामले को प्राथमिकता पर जांच कर सहायता उपलब्ध कराने का आदेश दिया।

नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जों, गलत पानी के बिल और योजनाओं से वंचित रहने जैसी समस्याओं पर भी डीएम ने अधिकारियों से जवाब-तलब किया और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पुलिस की सख्ती के बाद सामने आया सही सर्वे, राष्ट्रीय औसत से बेहतर दून के हालात

Mon Sep 15 , 2025
पुलिस की सख्ती के बाद सामने आया सही सर्वे, राष्ट्रीय औसत से बेहतर दून के हालात जांच अधिकारी के सामने पेश होकर कंपनी के निदेशक ने पेश किए दस्तावेज देहरादून, 15 सितंबर। महिला सुरक्षा को लेकर हाल ही में सामने आए एक सर्वे की जांच के बाद स्पष्ट हुआ है […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!