आपदा से जूझता देहरादून, युद्धस्तर पर जुटा जिला प्रशासन

देहरादून, 17 सितंबर। लगातार हो रही अतिवृष्टि और भूस्खलन से सहस्रधारा-कार्लीगाड सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मजयाड़ी तोक क्षेत्र में मलबे में दबे लोगों और पशुओं की तलाश के लिए जेसीबी मशीनें मौके पर भेज दी हैं। राहत एवं बचाव दल का सर्च और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

इधर, डालनवाला की एमडीडी कॉलोनी में भारी बारिश के चलते घरों और सड़कों पर मलबा व गाद भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने एमडीडीए और नगर निगम को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रमिकों और जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं की जाएगी। लगातार हो रही बारिश से चुनौती बढ़ी जरूर है, लेकिन प्रशासनिक टीमें मौके पर डटी हुई हैं और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के प्रयास किए जा रहे हैं।


