आपदा प्रभावितों को जिला प्रशासन ने सुरक्षित होटलों में शिफ्ट किया

देहरादून, 17 सितंबर 2025। हाल ही में आई आपदा के बाद जिला प्रशासन देहरादून सक्रियता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में प्रभावितों को अस्थायी शिविरों और स्कूल भवनों से निकालकर सुरक्षित एवं व्यवस्थित होटलों में ठहराया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि आपदा पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य जांच और साफ-सफाई जैसी बेहतर सुविधाएं होटल में ही उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
नागल हटनाला के प्राथमिक विद्यालय में ठहरे 60 प्रभावितों को शिफ्ट कर होटल हिमालयन व्यू में रखा गया। इसी तरह कार्लीगाड के 60 लोग हिमालयन व्यू, सेरागांव के 32 लोग ईरा रिज़ॉर्ट तथा कुल्हान के 76 प्रभावित होटल हिल व्यू में शिफ्ट किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति की स्वास्थ्य जांच की जाए और उन्हें सुरक्षित व साफ-सुथरे वातावरण में रखा जाए।
आपदा प्रभावितों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने पांच होटलों—वाईब्स लाइन, आईसबर्ग, हेली रिसॉर्ट एंड रेस्टोरेंट, होटल हिल व्यू और पर्ल इन—को अधिग्रहित किया है। प्रभावितों की देखभाल और समन्वय के लिए जिला पर्यटन विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी और सहायक खंड विकास अधिकारी रायपुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक होटल में दो-दो कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि प्रभावितों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।


