वायरल वीडियो कांड: युवक को हॉकी से पीटने वाले दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

देहरादून, 19 सितंबर। विकासनगर क्षेत्र में युवकों के साथ हॉकी से बेरहमी से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो व्यक्ति दो युवकों को हॉकी और लातों से मारते हुए नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी देहरादून ने तत्काल संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने 17 सितंबर को इस मामले में शामिल आरोपी युवराज को गिरफ्तार कर लिया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना में शामिल दूसरा आरोपी अमन तोमर घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार 18 सितंबर को पुलिस टीम ने उसे लक्ष्मणपुर, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन तोमर (27 वर्ष), पुत्र आनंद तोमर, निवासी ग्राम पपडियान, थाना विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई है। इससे पहले गिरफ्तार आरोपी युवराज (45 वर्ष), पुत्र चन्दन, निवासी कटापत्थर, कोतवाली विकासनगर बताया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


