मुख्यमंत्री ने बांटा आपदा पीड़ितों का दर्द, कहा—“सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री ने बांटा आपदा पीड़ितों का दर्द, कहा—“सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है”

चमोली, 20 सितम्बर। चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में आई आपदा ने अनेक घरों का आशियाना उजाड़ दिया है। मलबे में दबी उम्मीदों और असहाय चेहरों के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी पहुँचे। उन्होंने आपदा प्रभावितों का दुःख बांटा और आश्वस्त किया कि इस कठिन घड़ी में सरकार हर संभव मदद के साथ आपके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने नंदानगर क्षेत्र के कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इस आपदा से हुए दर्द और पीड़ा को वे गहराई से महसूस करते हैं, और सरकार किसी भी कीमत पर राहत और पुनर्वास कार्यों में कमी नहीं रहने देगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पाँच–पाँच लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्धस्तर पर राहत और रेस्टोरेशन कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जन-जीवन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए विद्युत और पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए तथा सड़कों का संपर्क हर हाल में प्राथमिकता से जोड़ा जाए।

चमोली के जिलाधिकारी श्री संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि अब तक बारह घायल व्यक्तियों को हेलीकॉप्टर से उच्च चिकित्सालयों में रेफर किया जा चुका है, जिनमें एक घायल को एम्स ऋषिकेश तथा ग्यारह को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया है। आपदा में करीब पैंतालीस भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, पंद्रह गौशालाएं नष्ट हुई हैं और आठ पशुओं की मौत के साथ चालीस से अधिक पशु लापता बताए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएँ और अन्य मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री के साथ इस मौके पर जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, थराली विधायक श्री भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार, एसडीएम चमोली श्री आर.के. पाण्डेय सहित जनपद प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सीबीएसई कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यशाला का आयोजन, 57 शिक्षकों ने लिया भाग

Sat Sep 20 , 2025
सीबीएसई की ओर से दी एशियन स्कूल में अनुभवात्मक अधिगम पर हुई चर्चा देहरादून, 20 सितम्बर। दी एशियन स्कूल में 19 व 20 सितम्बर को सीबीएसई की ओर से दो दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का विषय अनुभवात्मक अधिगम पर आधारित शिक्षण पद्धतियां रहा, जिसमें देहरादून के […]
सीबीएसई कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यशाला का किया गया था आयोजन

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!