राज्यपाल ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, प्रशासन की पीठ थपथपाई

देहरादून, 20 सितंबर : उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को देहरादून जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने 15 और 16 सितंबर को हुई अतिवृष्टि से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया और राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

राज्यपाल सबसे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिला प्रशासन से आपदा की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी सविन बंसल ने उन्हें बताया कि आपदा की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए थे और स्वयं डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति सामान्य बनाने के लिए टीम का नेतृत्व किया। राज्यपाल ने प्रशासन की त्वरित कार्यवाही और टीम भावना की सराहना की और कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को भरोसा दिलाना अत्यंत सराहनीय है।
नन्दा की चौकी पुल का निरीक्षण
इसके बाद राज्यपाल नन्दा की चौकी पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से वैकल्पिक मार्ग निर्माण की प्रगति जानी। अधिकारियों ने बताया कि तीन से चार दिनों में वैकल्पिक मार्ग तैयार हो जाएगा, जबकि पुल का पुनर्निर्माण कुछ समय बाद संभव होगा। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि आवागमन को जल्द सुचारू किया जाए ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे राज्यपाल
राज्यपाल ने आपदा प्रभावित टपकेश्वर महादेव मंदिर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने पुजारियों और स्थानीय लोगों से आपदा से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह कठिन समय है, लेकिन शासन और प्रशासन के प्रयासों से हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे।
राज्यपाल ने इस अवसर पर टपकेश्वर महादेव में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, के.के. मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


