नंदा की चौकी में अस्थाई पुल का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी

देहरादून, 23 सितम्बर। पिछले सप्ताह देहरादून में आई आपदा में जान माल का भारी नुकसान हुआ। इस दौरान भारी बारिश के बाद उफान पर आई टौंस नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके कारण देहरादून पोंटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही ठप हो गई। देहरादून से चलकर सेलाकुई, हरबर्टपुर, विकास नगर, चकराता व पांवटा साहब को जोड़ने वाले चकराता रोड के बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नंदा की चौकी और बिद्यौली क्षेत्र में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। इसको देखते हुए डीएम ने पीडब्ल्यूडी विभाग को जल्द ही वैकल्पिक पुल बनाने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेश के बाद नंदा की चौकी के पास हाल ही में क्षतिग्रस्त हुए मोटर पुल की जगह टौंस नदी पर वैकल्पिक पुल निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। लोक निर्माण विभाग ने पुल की एप्रोच तैयार कर ली है और नदी में ह्यूम पाइप डालने का काम किया जा रहा है। उम्मीद है कि पांवटा राजमार्ग पर जल्द ही आवागमन सुचारू हो जाएगा। तब तक जिला प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।
फिलहाल लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की 15 ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही बाधित है, जिन्हें खोलने के लिए प्रयास जारी हैं। जिला प्रशासन की पूरी टीम प्रभावित क्षेत्रों में न केवल राहत और पुनर्वास कार्यों में जुटी है बल्कि क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के आकलन और पुनर्निर्माण तेजी के साथ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि रायपुर सहित जिले की सभी तहसीलों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था से लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Health से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


