हरिद्वार में अवैध खनन पर स्टोन क्रेशर और ट्रैक्टर सीज

हरिद्वार, 23 सितम्बर 2025। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खनन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएम को मिली शिकायत के आधार पर निरीक्षण करने के बाद खनन विभाग ने एक स्टोन क्रेशर व अवैध खनन में लिप्त तीन ट्रैक्टर–ट्रॉली को सीज कर दिया।
मंगलवार को लामग्रांट क्षेत्र, तहसील भगवानपुर में औचक छापेमारी के दौरान तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को सीज कर दिया गया। इससे पहले तहसील लक्सर के ग्राम नेन्दपुर सुहारी में अवैध खनन की शिकायत पर जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी लक्सर और जिला खनन अधिकारी की संयुक्त टीम ने ग्राम नेहन्दपुर स्थित मैसरी लिभरा स्टोन क्रेशर का निरीक्षण किया। मौके पर स्टोन क्रेशर को सीज करते हुए उसका ई-रवन्ना चालान अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया गया।
इस कार्रवाई में विभागीय सर्वेक्षक विवेक कुमार भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्यवाही जारी रहेगी।


