नंदा की चौकी से दस दिन बाद बहाल हुआ यातायात

पीडब्ल्यूडी ने टोंस पर ह्यूम पाइप डालकर बनाया अस्थाई पुल
देहरादून, 26 सितंबर । हाल ही में आई अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हुए नंदा की चौकी, पांवटा राजमार्ग पर अब वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। नंदा की चौकी पर टोंस नदी के ऊपर बने पुल का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप था। इसके स्थान पर लोक निर्माण विभाग ने ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक पुल तैयार किया, जिस पर अब यातायात बहाल कर दिया गया है।
15 और 16 सितंबर को भारी बारिश से मोटर पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। नंदा की चौकी के समीप टौंस नदी पर बना यह पुल देहरादून को विकास नगर व पांवटा साहब से जोड़ता है। इससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया था। पीडब्ल्यूडी विभाग ने दिन-रात मेहनत करके एक वैकल्पिक व्यवस्था कर ह्यूम पाइप से एक अस्थाई पुल का निर्माण कर दिया है। इससे न सिर्फ यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों बल्कि आसपास के कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को भी थोड़ी राहत मिलेगी।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि आपदा के बाद प्रभावित क्षेत्रों में रेस्टोरेशन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकांश संपर्क मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं। पहले चरण में रेस्क्यू और राहत कार्य किए गए, अब बुनियादी सुविधाओं की बहाली तेजी से की जा रही है।


