शहीदों के घर–आंगन की मिट्टी पहुंचेगी सैन्य धाम

शहीदों के घर–आंगन की मिट्टी पहुंचेगी सैन्य धाम

हरिद्वार में शहीद सम्मान यात्रा 2.0 का शुभारंभ

हरिद्वार, 4 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड में शहीद सम्मान यात्रा 2.0 का आगाज जनपद हरिद्वार में किया गया। यह यात्रा 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय ज्वालापुर, तहसील हरिद्वार से शुरू हुई यात्रा के तहत जनपद के दो शहीद सैनिकों के घर-आंगन की मिट्टी एकत्र की गई। यह मिट्टी देहरादून में बन रहे सैन्य धाम पहुंचाई जाएगी।

शुक्रवार को यात्रा शहीद हविलदार सोनित कुमार सैनी के पैतृक ग्राम धनौरा, ब्लॉक रुड़की पहुंची। सोनित कुमार 11 अक्तूबर 2021 को अरुणाचल प्रदेश के ढुकुमपानी क्षेत्र में शहीद हुए थे। गांव में ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, इसके बाद उनकी पत्नी गीता सैनी ने घर-आंगन की मिट्टी का ताम्रकलश जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को सौंपा।

इसके पश्चात यात्रा 27 अक्तूबर 2023 को सिक्किम क्षेत्र में शहीद हुए नायक प्रदीप कुमार के गांव गदरजुडा पहुंची। यहां नारसन ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, ग्राम प्रधान भूपेंद्र सिंह और ग्रामीणों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। उनकी पत्नी कविता चौधरी और परिजनों ने घर-आंगन की मिट्टी का ताम्रकलश अधिकारियों को प्रदान किया।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर (से.नि.) डॉ. सरिता पंवार ने बताया कि प्रदेश सरकार शहीदों के घर-आंगन की मिट्टी से देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण कर रही है, जो भविष्य की पीढ़ियों को शहीदों की वीरगाथाओं से प्रेरणा देगा। उन्होंने बताया कि 5 अक्तूबर को गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर, लैंसडौन में शहीद सम्मान समारोह आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेशभर की वीर नारियों को ताम्रपत्र भेंट कर सम्मानित करेंगे। इससे पूर्व 4 अक्तूबर को सुबह 11:30 बजे रोशनाबाद कलेक्ट्रेट परिसर से वीर नारियों और आश्रितों के प्रतिभाग हेतु फ्लैग ऑफ कार्यक्रम होगा।

हरिद्वार में शहीद सम्मान यात्रा का समापन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ज्वालापुर में हुआ। यात्रा का नेतृत्व विंग कमांडर डॉ. सरिता पंवार ने किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, सेवारत सैनिक, सूचना विभाग के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहीदों के परिजन मौजूद रहे।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नाग–नंदी और उल्लू भी सनातन संस्कृति का प्रतीक

Sat Oct 4 , 2025
नाग–नंदी और उल्लू भी सनातन संस्कृति का प्रतीक मुख्यमंत्री धामी ने किया वन्य जीव प्राणी सप्ताह का शुभारंभ देहरादून, 4 अक्टूबर 2025। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून जू में वन्य जीव प्राणी सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में वन्य जीवों […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!