करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, हजारों लोगों को लालच देकर फंसाया

देहरादून, 08 अक्टूबर 2025 – भोले–भाले लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी जगमोहन सिंह चौहान ने अपनी फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी ‘माइक्रो फाइनेंस इंडिया एसोसिएशन’ के माध्यम से हजारों लोगों को भारी मुनाफे और अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश करवाया और बाद में करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया।
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में संचालित इस फाइनेंस कंपनी में निवेशकों को आरडी, एफडी और डीडीएस जैसी योजनाओं में ऊंचा ब्याज देने का झांसा दिया गया था। कंपनी का संचालन जगमोहन सिंह चौहान और उसकी पत्नी नीलम चौहान द्वारा किया जा रहा था। आरोपी कंपनी के कार्यालय से ही पैसों का पूरा लेनदेन नियंत्रित करता था और लोगों को झूठे वादों के जरिए अपने जाल में फंसाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर 02 अक्टूबर 2025 को थाना नेहरू कॉलोनी में धारा 3/21 बड्स एक्ट, 3 उत्तराखंड जमाकर्ता हित संरक्षण अधिनियम एवं 316(2)/318(4)/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी से जुड़े सभी बैंक खातों को सील कराया और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।
लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की सहायता से की गई कार्रवाई के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 07 अक्टूबर को पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी जगमोहन सिंह चौहान (उम्र 55 वर्ष) निवासी सरस्वती विहार, नेहरू कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी देहरादून ने आम जनता से अपील की है कि निवेश करने से पहले किसी भी कंपनी की पूरी जांच-पड़ताल करें और सत्यापन के बाद ही अपनी मेहनत की कमाई निवेश करें। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे फर्जी निवेश तंत्र चलाने वालों के खिलाफ देहरादून पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी उ0नि0 संजीत कुमार, उ0नि0 विकास शुक्ला, चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह पुण्डीर, उ0नि0 धनीराम पुरोहित, का0 श्रीकांत मलिक, का0 बृजमोहन सिंह, का0 संदीप छावड़ी एवं का0 अर्जुन सिंह शामिल रहे।


