घंटाघर क्षेत्र की मिठाई की दुकानों का निरीक्षण, गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच

घंटाघर क्षेत्र की मिठाई की दुकानों का निरीक्षण, गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच

देहरादून, 08 अक्टूबर 2025। त्योहारी सीजन के मद्देनज़र मिठाईयों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को शहर के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून, श्री प्रेम सिंह खिमाल के निर्देश पर किया गया।

निरीक्षण टीम का नेतृत्व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने किया। उनके साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून के अभिहित अधिकारी श्री मनीष सिंह सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम) श्री रमेश सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी (मसूरी) श्री कपिल देव शामिल रहे।

टीम ने घण्टाघर क्षेत्र की प्रसिद्ध मिठाई दुकानों — हल्दीराम, कुमार स्वीट शॉप और बंगाली स्वीट — का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के एफएसएसएआई लाइसेंस, मिठाईयों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, किचन की स्वच्छता, एक्सपायर उत्पादों के निस्तारण और खाद्य तेल के उपयोग की प्रक्रिया की विस्तृत जांच की गई।

हल्दीराम, घण्टाघर
निरीक्षण के दौरान हल्दीराम का लाइसेंस एफएसएसएआई मानकों के अनुरूप पाया गया। मिठाईयों और अन्य खाद्य सामग्रियों का रखरखाव स्वच्छ व हाइजीनिक पाया गया। टीम ने किचन में एक्सपायर मिठाईयों की जांच की और उनके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। बताया गया कि एक्सपायर मिठाईयों को प्रतिदिन रजिस्टर में दर्ज कर पैक कर निस्तारित किया जाता है। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में पकाए जाने वाले खाद्य पदार्थों और तेल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। तेल की गुणवत्ता जांचने हेतु टीपीसी मीटर से जांच की गई, जो संतोषजनक रही। टीम ने हल्दीराम रेस्पबेरी और चॉकलेट पेस्ट्री के नमूने भी जांच हेतु संग्रहित किए और प्रयोगशाला भेजे।

कुमार स्वीट शॉप, घण्टाघर
यहां निरीक्षण टीम ने किचन, रेस्टोरेंट और मिठाई काउंटर का निरीक्षण किया। टीम को बताया गया कि इस्तेमाल होने वाला तेल केवल एक बार उपयोग में लाया जाता है। मिठाईयों की गुणवत्ता जांची गई और संतोषजनक पाई गई। टीम ने “मलाई रोल” मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया तथा प्रतिष्ठान को और अधिक सफाई व हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए।

बंगाली स्वीट, घण्टाघर
निरीक्षण के दौरान दुकान का लाइसेंस मानकों के अनुरूप पाया गया। बताया गया कि मिठाईयों का निर्माण दुकान में ही किया जाता है। टीम ने “मलाई चमचम” मिठाई का नमूना जांच हेतु लिया और प्रतिष्ठान को स्वच्छता व गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सीमा डुँगराकोटी ने बताया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देहरादून में आज से दो दिन का ‘सेब महोत्सव 2.0’

Thu Oct 9 , 2025
देहरादून में आज से दो दिन का ‘सेब महोत्सव 2.0’ देहरादून, 09 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) उत्तराखंड में लघु एवं सीमांत कृषकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘सेब महोत्सव 2.0’ का आयोजन करने जा रहा है। यह […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!