देहरादून में आज से दो दिन का ‘सेब महोत्सव 2.0’

देहरादून, 09 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) उत्तराखंड में लघु एवं सीमांत कृषकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर विपणन मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘सेब महोत्सव 2.0’ का आयोजन करने जा रहा है। यह दो दिवसीय महोत्सव 9 और 10 अक्टूबर को नाबार्ड के क्षेत्रीय कार्यालय, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री श्री गणेश जोशी करेंगे।

नाबार्ड ने पिछले वर्ष ‘सेब महोत्सव 1.0’ का सफल आयोजन किया था, जिसे लोगों से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली। इस सफलता के बाद संस्था ने इस वर्ष ‘सेब महोत्सव 2.0’ को और विस्तारित रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य राज्य के सेब और कीवी उत्पादक किसानों एवं कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) को उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना है ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके और बिचौलियों पर निर्भरता कम हो।
महोत्सव में नाबार्ड द्वारा समर्थित हर्षिल घाटी के कृषक उत्पादक संगठन द्वारा उगाए गए ‘ए ग्रेड’ के रॉयल डिलीशियस, रेड डिलीशियस और गोल्डन डिलीशियस सेब प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही कपकोट क्षेत्र के किसानों द्वारा प्राकृतिक विधि से तैयार कीवी फल भी उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा, राज्य के अन्य कृषक उत्पादक संगठन और स्वयं सहायता समूह अपने पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पाद — जैसे अखरोट, राजमा, जूस, अचार, जड़ी-बूटियाँ, जीआई टैग प्राप्त उत्पाद और हथकरघा सामग्री — भी बिक्री के लिए प्रदर्शित करेंगे।
नाबार्ड का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से न केवल स्थानीय किसानों को सीधा लाभ होता है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्थानीय उत्पाद वाजिब कीमत पर प्राप्त होते हैं। संस्थान का उद्देश्य राज्य में सतत कृषि विकास को बढ़ावा देना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
‘सेब महोत्सव 2.0’ प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक खुला रहेगा, जिसमें उपभोक्ता सीधे किसानों से उनके उत्पाद खरीद सकेंगे।


