जबरन उगाही और मारपीट के आरोप में चार पीआरडी जवान निलंबित

हरिद्वार, 09 अक्टूबर 2025। सिडकुल क्षेत्र में जबरन उगाही और मारपीट के आरोप में चार पीआरडी जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पांडेय द्वारा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर की गई।
मामला 6 अक्टूबर को तब सामने आया जब शिकायतकर्ता दिव्यांश ने जिला युवा कल्याण अधिकारी के समक्ष एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में उन्होंने सिडकुल में तैनात पीआरडी स्वयंसेवकों — महेश चंद, बीरमपाल, सतीश कुमार और लक्ष्मण सिंह — पर जबरन धन वसूली और मारपीट का आरोप लगाते हुए संबंधित प्रमाण भी उपलब्ध कराए थे।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अधिकारी प्रमोद चन्द्र पांडेय ने 8 अक्टूबर को दोनों पक्षों को जनपद मुख्यालय में तलब किया। सुनवाई के दौरान चारों पीआरडी जवानों ने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज करने और अनावश्यक धनराशि वसूलने की बात स्वीकार की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर चारों पीआरडी स्वयंसेवकों को विभागीय छवि को धूमिल करने और अनुशासनहीन आचरण के लिए 8 अक्टूबर से अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया गया है। निलंबित जवानों — महेश चंद, बीरमपाल और सतीश कुमार — को एक सप्ताह के भीतर शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में शपथ पत्र न देने की स्थिति में उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वहीं, पीआरडी स्वयंसेवक लक्ष्मण सिंह को निलंबन के साथ ही हरिद्वार से उसके मूल जनपद पौड़ी गढ़वाल भेज दिया गया है। इस संबंध में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे प्रकरण की समीक्षा कर पीआरडी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।


