कफ सिरप पर सख्त कार्रवाई, देहरादून में सात मेडिकल स्टोरों का लाइसेंस रद्द

कफ सिरप पर सख्त कार्रवाई, देहरादून में सात मेडिकल स्टोरों का लाइसेंस रद्द

प्रदेश भर में ताबड़तोड़ छापेमारी,148 नमूने जांच को भेजे

देहरादून, 09 अक्टूबर।
उत्तराखंड में संदिग्ध कफ सिरप के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है। बच्चों की सेहत से जुड़े इस गंभीर मामले में विभाग ने कई जिलों में मेडिकल स्टोरों की जांच की, संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए और कुछ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तक रद्द कर दिए।

राजधानी देहरादून में चकराता रोड, किशननगर, बल्लूपुर, कांवली रोड, बल्लीपुर और प्रेमनगर क्षेत्र के सात मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। इन प्रतिष्ठानों से संदिग्ध कफ सिरप जब्त किए गए हैं और 11 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभागीय टीम ने बताया कि यह कार्रवाई दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर प्राप्त शिकायतों के बाद की गई है।

उधम सिंह नगर जिले में 40 कफ सिरप के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि हरिद्वार और रुड़की में 15 नमूने लिए गए हैं। हल्द्वानी स्थित सरकारी अस्पताल से भी 3 सिरप के नमूने जांच हेतु संकलित किए गए हैं।

कोटद्वार में ‘Respifresh TR’ नामक सिरप का पूरा स्टॉक सीज कर लिया गया है और अतिरिक्त 3 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों से कुल 12 नमूने संकलित कर प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।

अब तक प्रदेशभर में कुल 148 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन प्रतिष्ठानों में संदिग्ध सिरप पाए गए हैं, उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई है और जहां आवश्यक समझा गया, वहां स्टॉक सील कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार बच्चों की सेहत को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा, “बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हमारी सरकार बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ सख्त है।”

राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग और औषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संदिग्ध दवाओं की पहचान और कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खतरे में डाली यात्रियों की जान, नशेड़ी बस चालक गिरफ्तार

Thu Oct 9 , 2025
खतरे में डाली यात्रियों की जान, नशेड़ी बस चालक गिरफ्तार कर्नाटक के तीर्थयात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया यमुनोत्री धाम उत्तरकाशी 09 अक्टूबर 2025। उत्तरकाशी पुलिस ने नशे की हालत में बस चालक को गिरफ्तार किया है। सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!