पुलिस परिवार ने हर्षोल्लास के साथ मनाया दीपावली व करवाचौथ पर्व

गीता धामी ने दीप प्रज्वलित कर किया समारोह का उद्घाटन
देहरादून, 09 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड पुलिस परिवार के उत्साहवर्धन और आपसी सौहार्द को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन देहरादून में दीपावली एवं करवाचौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी रहीं, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की अध्यक्षा श्रीमती गौरी सेठ ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को उल्लासमय बना दिया। इनमें स्वागत गीत, गढ़वाली व कुमाऊंनी लोकनृत्य, पारंपरिक गीतों का गायन, रैम्प वॉक सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे।
श्रीमती गीता धामी ने कार्यक्रम के दौरान मेहंदी लगवाने सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। पुलिस परिवार की महिलाओं द्वारा दीपावली व करवाचौथ से संबंधित हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए गए, जिनका निरीक्षण मुख्य अतिथि ने किया तथा महिला सदस्यों की रचनात्मकता की सराहना की।
अपने संबोधन में श्रीमती धामी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की महिलाएं जिस धैर्य और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए परिवार की देखभाल करती हैं, वह अनुकरणीय है। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों और पुलिस परिवार की महिलाओं की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान को सराहा।
इस अवसर पर पुलिस परिवार की अध्यक्षा श्रीमती गौरी सेठ के साथ पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती विम्मी सचदेवा, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती, श्रीमती अनु राजीव स्वरूप, श्रीमती दीपाली भरणे, श्रीमती शीबा, श्रीमती रूबी तबस्सुम, श्रीमती कमला नपच्याल, श्रीमती सोनू मीणा, श्रीमती लता रावत, श्रीमती दीपाली अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार की महिलाएं उपस्थित रहीं।


