डेढ़ महीने से नई ‘एएनएम’ की नियुक्ति की राह देख रहा ‘ताला’

चमोली/देवाल, 25 अक्टूबर 2025। देवाल विकास खंड के वाण गांव में स्थित मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र (एमएनएम केंद्र) में करीब डेढ़ महीने से ताला लटका हुआ है। केंद्र की एएनएम के सेवानिवृत्त होने के बाद से यहां स्वास्थ्य सेवाएं ठप पड़ी हैं। विभाग ने फिलहाल चार्ज मुन्दोली की एएनएम को दिया है। लेकिन वान से मुन्दोली की 15 किमी की जर्जर सड़क के कारण गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नंदादेवी राजजात के मुख्य पड़ाव सुदूरवर्ती वाण गांव में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए जोखिम भरी हो गई है। यहां मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र की एएनएम के सेवानिवृत होने के बाद विभाग ने नई नियुक्ति करने के बजाय चार्ज 15 किमी दूर मुन्दोली की एएनएम को सौंप दिया। जिससे पिछले डेढ़ माह से एएनएम केंद्र पर ताला लटका हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र बंद होने के कारण गर्भवती महिलाओं को इलाज और जांच के लिए 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शीघ्र नई एएनएम की तैनाती की मांग स्वास्थ्य विभाग से की है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा सिंह पहाड़ी ने बताया कि वाण से मुन्दोली की सड़क बरसात के कारण खस्ताहाल है जिसमें बड़े–बड़े गड्ढे होने के कारण गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए सफर करना जोख़िम भरा है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह बिष्ट और क्षेत्र की महिला प्रतिनिधि हेमा देवी ने सरकार से मांग की है कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए यहां जल्द ही एएनएम की नियुक्ति की जाए।
इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कर्णप्रयाग, डॉ. वैष्णव ने बताया कि नई एएनएम की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है और दिसंबर तक वाण केंद्र पर नई एएनएम तैनात कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी भी यहां लगाई जा रही है ताकि मरीजों को कुछ राहत मिल सके।


