एसबीआई कार्ड और इंडिगो ने मिलकर नया क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया
देहरादून, 28 अक्टूबर, 2025। एसबीआई कार्ड और इंडिगो ने मिलकर यात्रियों के लिए एक नया को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है। इस कार्ड का नाम इंडिगो एसबीआई कार्ड रखा गया है। इसे दो वेरिएंट में जारी किया गया है: इंडिगो एसबीआई कार्ड और इंडिगो एसबीआई कार्ड एलीट।
कंपनी के अनुसार, यह कार्ड खास तौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है जो अक्सर यात्रा करते हैं। कार्डधारकों को इंडिगो फ्लाइट्स, होटल बुकिंग और अन्य यात्रा संबंधी खर्चों पर रिवॉर्ड पॉइंट मिलेंगे। ग्राहक इस कार्ड के लिए एसबीआई कार्ड की वेबसाइट या रिटेल कियोस्क के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इंडिगो एसबीआई कार्ड पर इंडिगो से जुड़ी सेवाओं पर खर्च करने पर 3% और एलीट कार्ड पर 7% तक रिवॉर्ड्स मिलेंगे। अन्य श्रेणियों में भी खर्च करने पर 1% से 2% तक रिवॉर्ड पॉइंट मिलेंगे। ये रिवॉर्ड्स “इंडिगो ब्लूचिप्स” के रूप में मिलेंगे, जिन्हें फ्लाइट, होटल, सीट अपग्रेड और भोजन जैसी सेवाओं पर उपयोग किया जा सकेगा।
लॉन्च के मौके पर एसबीआई कार्ड की एमडी और सीईओ सलिला पांडे ने कहा कि यह साझेदारी यात्रियों को बेहतर सुविधा और लाभ देने की दिशा में एक कदम है। वहीं, इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि यह कार्ड यात्रियों को किफायती और आसान यात्रा अनुभव देने में मदद करेगा।
पहले साल शुल्क जमा करने और पहली बार कार्ड का उपयोग करने पर ग्राहकों को 5,000 तक इंडिगो ब्लूचिप्स मिलेंगे। सालाना खर्च की एक निश्चित सीमा पार करने पर अतिरिक्त ब्लूचिप्स का लाभ भी मिलेगा।
कार्डधारकों को घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की सुविधा दी जाएगी, जबकि एलीट कार्ड धारकों को अंतरराष्ट्रीय लाउंज और ट्रैवल इंश्योरेंस का लाभ भी मिलेगा।
इंडिगो एसबीआई कार्ड का सालाना शुल्क ₹1,499 और एलीट कार्ड का शुल्क ₹4,999 रखा गया है। दोनों कार्ड मास्टरकार्ड और रुपे प्लेटफ़ॉर्म पर उपलब्ध होंगे।


