लंबे इंतजार के बाद धामी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार

मदन कौशिक, खजान दास, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा मंत्री बनाए गए
देहरादून, 20 मार्च 2026। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार धामी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो ही गया। तमाम कयासों और दावेदारों की लंबी फेहरिस्त में से पांच विधायकों की लॉटरी लगी है। मदन कौशिक, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी और राम सिंह कैड़ा को पुष्कर सिंह धामी सरकार में मंत्री बनाया गया है।





देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पांच विधायकों को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें हरिद्वार से मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, देहरादून से खजान दास, रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी, नैनीताल से राम सिंह कैड़ा शामिल हैं। इस विस्तार के साथ ही धामी सरकार ने खाली पड़े सभी मंत्री पद भरते हुए राजनीतिक, क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने का स्पष्ट संकेत दिया है।

