“माला तब पहनूंगा जब उत्तराखंड की धरती से बीजेपी की अंत्येष्टि कर दूंगा”
देहरादून, 22 अगस्त।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत इन दिनों अपने बयानों से सियासी गलियारों में हलचल मचा रहे हैं। कभी खनन फंडिंग को लेकर सीधे-सीधे बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाने वाले हरक सिंह रावत ने अब ऐसी तल्ख़ टिप्पणी कर दी है, जिसने भाजपा खेमे में बेचैनी बढ़ा दी है।
मामला कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय का है, जहां गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जब आयोजकों ने हरक सिंह रावत को माला पहनाकर सम्मानित करना चाहा तो उन्होंने साफ मना कर दिया। इसी दौरान उन्होंने जोशीले अंदाज़ में कहा– “हरक सिंह रावत माला तब पहनेगा, जब उत्तराखंड की धरती से बीजेपी की अंत्येष्टि कर देगा।”।
हरक सिंह रावत ने अपने संबोधन में बीजेपी को घेरते हुए कहा कि खनन फंडिंग को लेकर उन्होंने पहले ही भाजपा के दामन पर दाग लगा दिया है और इस दाग को धोना बीजेपी के लिए आसान नहीं होगा। रावत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अपने नेताओं के भ्रष्टाचार को बचाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल करती है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी हरक सिंह रावत ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब वह यूपी सरकार में मंत्री थे, तब वे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास भट्ट के एसटीडी-पीसीओ में घंटों बैठा करते थे।
हरक सिंह रावत के इस बयान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया, वहीं बीजेपी खेमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनके पास मौजूद तथाकथित ‘कच्चे चिट्ठे’ आने वाले दिनों में उत्तराखंड की राजनीति में नया भूचाल ला सकते हैं।


