चकराता रोड पर माउंट क्राफ्ट गोदाम में भीषण आग

देहरादून, 24 अगस्त। राजधानी देहरादून के चकराता रोड स्थित माउंट क्राफ्ट के गोदाम में रविवार तड़के अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग 4:27 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि माउंट क्राफ्ट के गोदाम से धुआं उठ रहा है और अंदर आग भड़क चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े, कपड़ों के थान और लकड़ी के रैक रखे थे। इन ज्वलनशील सामग्रियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी और स्थिति गंभीर होती चली गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की दो गाड़ियों को अलग-अलग दिशाओं से लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आग को दूसरे माले और पास की तीन दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। वरना नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।
दमकल विभाग की तत्परता से आसपास के इलाके में बड़ा हादसा होने से बच गया। आग की लपटें और धुएं से इलाके में हड़कंप जरूर मचा, लेकिन समय पर नियंत्रण पाने के कारण स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आशंका शॉर्ट सर्किट की बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।


