लाखों की चरस (DRUGS) के साथ तस्कर गिरफ्तार
‘DRUGS फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस की करवाई

देहरादून, 31अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “DRUGS फ्री देवभूमि 2025” के विजन को साकार करने के लिए देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों पर नकेल कस रही है। इसी अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब नौ लाख रुपये कीमत की अवैध चरस (DRUGS) बरामद की गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
मामला थाना रायपुर क्षेत्र का है, जहां पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि पहाड़ी जिलों से भारी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप देहरादून लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देशन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान आईटी पार्क क्षेत्र में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार (संख्या UK-07-BM-6155) को रोककर तलाशी ली गई। कार में बैठे दो व्यक्तियों की पहचान शैलेश कुमार यादव और दीपक बहादुर ऐडी के रूप में हुई। जांच में उनके कब्जे से 4 किलो 215 ग्राम चरस के साथ भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद हुई।
बरामदगी में शैलेश कुमार यादव से 1 किलो 705 ग्राम चरस और 5400 रुपये भारतीय मुद्रा जबकि दीपक बहादुर ऐडी से 2 किलो 510 ग्राम चरस और 5500 रुपये नेपाली मुद्रा मिली। बरामद चरस की अनुमानित कीमत लगभग नौ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह चरस रुद्रप्रयाग के एक स्थानीय व्यक्ति से कम दामों में खरीदकर लाए थे और देहरादून में इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपी शैलेश कुमार यादव इससे पहले भी दो बार नशे की तस्करी में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में थाना रायपुर और 2022 में डोईवाला कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी रायपुर जगदीश पंत, थानाध्यक्ष गिरीश नेगी, उपनिरीक्षक संजय रावत, व0उ0नि0 भरत सिंह रावत, हेड कांस्टेबल रंजय सिंह और कांस्टेबल प्रदीप नेगी व धीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी जनपदभर में इसी तरह की मुहिम जारी रहेगी और नशा तस्करों पर सख्त शिकंजा कसा जाएगा।



One thought on “लाखों की चरस (DRUGS) के साथ तस्कर गिरफ्तार”