PWD की लापरवाही से परेशानी में क्लेमेनटाउन निवासी
सड़क की दुर्दशा पर विधायक और PWD अधिकारियों से मिले स्थानीय निवासी

देहरादून, 31अगस्त। सुभाषनगर से पोस्ट ऑफिस क्लेमेंटाउन तक जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों खुदाई और गड्ढों के कारण बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। गैल और यूपीसीएल द्वारा किए गए कार्यों के बाद सड़क की मरम्मत न होने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को रोजाना उठाना पड़ रहा है। लापरवाह PWD के कारण जहां एक ओर आमजन को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर आए दिन दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने माननीय विधायक श्री विनोद चमोली को अवगत कराया। विधायक की संस्तुति पर रविवार को मंडल अध्यक्ष श्री वासुदेव जखमोला, श्री विनोद राइ, श्री डी.एस. फर्तियाल, श्री दीपक गुसाईं और श्री राजेश सहित स्थानीय लोग एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों – अधिशासी अभियंता (EXN) और सहायक अभियंता (AE) – से मिले।
यह भी पढ़ें: DEHRADUN में लाखों की DRUGS
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को सड़क की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की हालत दिनोंदिन और खराब होती जा रही है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
PWD अधिकारियों ने समस्या का संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जल्द से जल्द सड़क का रिपेयर कार्य शुरू कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगा।


