आदित्य चौहान युवा मोर्चा और शैलेन्द्र बिष्ट महिला मोर्चा के प्रभारी बने

देहरादून, 11 अक्टूबर 2025। भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड ने अपने विभिन्न प्रदेश मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा जारी सूची के अनुसार सात मोर्चों के प्रभारी तय किए गए हैं। पार्टी संगठन में यह नियुक्तियां आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों की दृष्टि से अहम मानी जा रही हैं।
जारी सूची के अनुसार भाजपा युवा मोर्चा का प्रभारी आदित्य चौहान को बनाया गया है, जो वर्तमान में प्रदेश मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। महिला मोर्चा की जिम्मेदारी शैलेन्द्र सिंह बिष्ट को सौंपी गई है, वे पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। किसान मोर्चा का दायित्व राजेन्द्र सिंह बिष्ट को मिला है, जो भी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
इसी तरह अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रभारी तरुण बंसल को बनाया गया है, वे प्रदेश महामंत्री के रूप में कार्य करेंगे। अनुसूचित जाति मोर्चा का नेतृत्व कुंदन परिहार को सौंपा गया है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिम्मेदारी श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज को दी गई है, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी राकेश गिरी को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा तथा सभी मोर्चे पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नव नियुक्त प्रभारियों को बधाई देते हुए आशा जताई कि वे अपने-अपने मोर्चों के माध्यम से जनसंपर्क और संगठन विस्तार में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
भाजपा ने हाल के दिनों में संगठन को गति देने के लिए विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों की नई नियुक्तियां की हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य आगामी चुनावों की तैयारी को मजबूती देना और सभी वर्गों तक संगठन की पहुंच को बढ़ाना है।


