शराबी ड्राइवर ने तीन को कार से मारी टक्कर

देहरादून: 28अगस्त। शहर में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की लापरवाही एक बार फिर गंभीर हादसे का कारण बन गई। देर रात नंदा की चौकी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों और एक स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और नशे में धुत कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को भी ज़ब्त कर लिया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के झाझरा चौकी प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि बुधवार देर रात ब्याखला, सेलाकुई निवासी कैलाश नामक युवक अपनी स्विफ्ट कार से घर जा रहा था। नंदा की चौकी के समीप उसकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैदल जा रहे दो लोगों के साथ-साथ एक स्कूटी सवार को भी जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। जिनमें से दो घायलों को ग्राफिक एरा अस्पताल और एक को प्रेमनगर चिकित्सालय में इलाज के लिए भेजा गया। जांच के दौरान पाया गया कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में रात के समय अक्सर तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित चालक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


