बद्रीनाथ में भी टूटा श्रद्धा का रिकॉर्ड, 14.53 लाख श्रद्धालु पहुंचे धाम

बद्रीनाथ में भी टूटा श्रद्धा का रिकॉर्ड, 14.53 लाख श्रद्धालु पहुंचे धाम

गोपेश्वर, 09 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भीड़ ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार तक भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 14 लाख 53 हजार 827 तक पहुंच गई है, जो पिछले वर्ष के पूरे यात्राकाल के आंकड़े से अधिक है। वर्ष 2024 में कुल 14 लाख 35 हजार 341 श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे थे। खास बात यह है कि अभी कपाट बंद होने में करीब डेढ़ माह का समय बाकी है। इस बार धाम के कपाट 25 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। बुधवार को केदारनाथ में भी श्रद्धालुओं की संख्या का 2024 का रिकॉर्ड टूटा था। जबकि, हेमकुंड साहिब में इस साल यात्रियों की संख्या का आल टाइम रिकॉर्ड बना।

धामी सरकार की ओर से यात्रा प्रबंधन को लेकर की गई तैयारियों का सकारात्मक असर साफ दिख रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रशासन ने यात्रा मार्गों और पड़ावों पर पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं ताकि यात्रियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। संवेदनशील मार्गों पर सड़कें सुचारू रखने के लिए जेसीबी और विशेष टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही ठहरने, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। एसडीआरएफ जवानों की तैनाती से यात्रा मार्ग और अधिक सुरक्षित बना हुआ है, जबकि बर्फबारी के मद्देनज़र अलाव की भी व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को ठंड से राहत मिल सके।

बुधवार को अकेले 5042 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए। जैसे-जैसे कपाटबंदी की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे दर्शनार्थियों की संख्या में और बढ़ोतरी हो रही है। सरकार के कुशल प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आस्था के मेल से इस वर्ष चारधाम यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

 

केदारनाथ में भी पिछले साल से अधिक यात्री पहुंचे दर्शनों के लिए

श्रद्धालुओं के उत्साह ने इस बार केदारनाथ धाम में नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार तक यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 16 लाख 56 हजार से अधिक हो गई, जबकि पिछले वर्ष पूरे यात्राकाल में कुल 16 लाख 52 हजार 76 यात्रियों ने केदारनाथ के दर्शन किए थे। बुधवार को अकेले केदारनाथ धाम में 5614 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रा के इस अंतिम चरण में भी भक्तों का उत्साह चरम पर बना हुआ है।

 

हेमकुंट साहिब में भी बना रिकॉर्ड, कल बंद होंगे कपाट

उधर, चमोली जिले में स्थित पवित्र हेमकुंट साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इस वर्ष यहां भी यात्रियों की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की गई है। बुधवार तक कुल 2 लाख 71 हजार 367 श्रद्धालु हेमकुंट साहिब के दर्शन कर चुके हैं, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। पिछले वर्ष यहां एक लाख 83 हजार 722 श्रद्धालु पहुंचे थे। समुद्रतल से लगभग 15,230 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह तीर्थ अत्यंत कठिन और दुर्गम माना जाता है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

चारधाम यात्रा कपाट बंद होने की तिथियां
गंगोत्री — 22 अक्टूबर
यमुनोत्री — 23 अक्टूबर
केदारनाथ — 23 अक्टूबर
बद्रीनाथ — 25 नवंबर

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

करवाचौथ पर महिलाओं को मिला अवकाश, देर रात की गई घोषणा

Thu Oct 9 , 2025
करवा चौथ पर महिलाओं को मिला अवकाश, देर रात की गई घोषणा देहरादून, 09 अक्टूबर 2025 । लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड शासन ने करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। शुक्रवार, 10 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा, और पूरे […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!