Big Breaking : पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड खालिद गिरफ़्तार

गुप्त स्थान पर एसएसपी देहरादून व एसएसपी हरिद्वार कर रहे पूछताछ, खुलासा जल्द
देहरादून, 23 सितंबर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की हाल ही में हुई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामला लगातार सुर्खियों में है। पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए इस कांड के अहम आरोपी खालिद मलिक को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार एसएसपी देहरादून व एसएसपी हरिद्वार आरोपी से किसी गुप्त स्थान पर कर रहे हैं पूछताछ, जल्द ही पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है।
पेपर लीक प्रकरण की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर रायपुर थाने में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन चौहान, खालिद, उसकी बहन हिना, साबिया और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। साबिया पहले ही पुलिस गिरफ्त में आ चुकी है, जबकि खालिद लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस का सहारा लिया और आखिरकार उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद खालिद का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिससे पेपर लीक की पूरी साजिश से जुड़े कई राज खुलने की उम्मीद है। चौंकाने वाली बात यह रही कि खालिद खुद हरिद्वार के सेंटर पर परीक्षा देने भी बैठा था। वर्तमान में वह केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में संविदा जेई के पद पर कार्यरत था।
जांच में सामने आया कि परीक्षा की सुबह ही खालिद ने सुमन चौहान से अपनी बहन की मदद करने का झांसा देकर संपर्क साधा था। परीक्षा के दौरान उसने प्रश्नपत्र बहन के जरिए सुमन तक पहुंचाया और वहीं से उत्तर मंगवाकर हल करवाए। इसी घटना ने पूरे पेपर लीक कांड को जन्म दिया और देखते ही देखते मामला इतना बड़ा हो गया कि प्रदेशभर के बेरोजगार युवा देहरादून की सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। खालिद की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस को पेपर लीक मामले की कई अहम कड़ियों के खुलने की उम्मीद है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Health से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें


