Big Breaking: प्रधानमंत्री कल आएंगे उत्तराखंड, आपदा प्रभावित इलाकों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण

देहरादून, 10 सितंबर,। उत्तराखंड में हाल ही में आई आपदा के हालात का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को राज्य का दौरा करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री कल दोपहर में विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे उत्तरकाशी और चमोली जिलों के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
उत्तराखंड में बीते दिनों हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने व्यापक तबाही मचाई है। कई गाँवों का संपर्क कट गया है, वहीं बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री स्वयं स्थिति का आकलन करने आ रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश का भी हवाई दौरा कर वहां हुए नुकसान का जायजा लिया था। इन दिनों केंद्र की एक टीम भी उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही है। हवाई सर्वेक्षण के दौरान वे प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक तस्वीर देखेंगे और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रधानमंत्री वापस जौलीग्रांट एयरपोर्ट लौटकर राज्य सरकार के साथ उच्च स्तरीय बैठक करें। इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा होगी और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही कमान संभाल ली है। एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन से लेकर पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग तक, सभी को पीएम के दौरे के लिए उचित निर्देश दे दिए गए हैं।


