भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, एक दूसरे के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, एक दूसरे के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

एक घंटे तक क्वालिटी चौक बना अखाड़ा, जाम से लोग परेशान

देहरादून, 2 सितम्बर : राजधानी का क्वालिटी चौक तब पॉलिटिकल जंग का मैदान बन गया जब भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर नारेबाजी आरोप प्रत्यारोप के बीच आम जनता भारी बारिश के बीच जाम से जूझती नजर आई। सोमवार को परेड ग्राउंड से नारेबाजी करते हुए निकले भाजपा कार्यकर्ता जैसे ही कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे, माहौल गर्मा गया। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी का विरोध करते हुए कांग्रेस भवन का घेराव किया और राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय के गेट पर खड़े होकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

राजपुर रोड पर स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पहुंचे भाजपाइयों
को पुलिस ने गेट पर पहुंचने से पहले ही रोक लिया। जिसके बाद क्वालिटी चौक पर दोनों दलों के बीच करीब एक घंटे तक जमकर नारेबाजी होती रही। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता लाठी-डंडों के साथ आए थे और उन्होंने कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं से बदसलूकी की। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पूर्व में पुलिस महानिदेशक को लिखे पत्र में आशंका जताने के बावजूद भाजपाइयों को मुख्यालय तक कैसे पहुंचने दिया गया।

पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होती रही। हालात काबू से बाहर होते देख सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से कार्यकर्ताओं को शांत करने की अपील की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जब तक भाजपा कार्यकर्ताओं को वापस नहीं भेजा जाएगा या गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक उनके कार्यकर्ता भी पीछे नहीं हटेंगे। आखिरकार लंबे समय तक चले हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ता लौट गए और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यालय के भीतर पहुंचे। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन के गेट पर भाजपा का पुतला फूंका।

घटना के बाद धस्माना ने प्रेस से कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री की माता सहित हर नारी का सम्मान करती है और भाजपा महज राजनीतिक टूलकिट की राजनीति कर रही है। उन्होंने ऐलान किया कि ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान अब पूरे राज्य में गांव-गांव तक चलेगा।

इस पूरे घटनाक्रम का असर आम लोगों पर पड़ा। क्वालिटी चौक जैसे व्यस्त इलाके में दोनों दलों की नारेबाजी और धक्का-मुक्की के चलते एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बारिश में लोग घंटों फंसे रहे और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद भीड़ को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

डिजिटल अरेस्ट का डर दिखा पूर्व कुलपति से ऐंठे 1.47 करोड़

Tue Sep 2 , 2025
डिजिटल अरेस्ट का डर दिखा पूर्व कुलपति से ऐंठे 1.47 करोड फर्जी अधिकारी बन 12 दिन तक किया परेशान, STF ने सोलन से किया गिरफ़्तार देहरादून, 02 सितंबर। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़े साइबर धोखाधड़ी का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की टीम ने खुद को […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!