बलात्कार और पोक्सो एक्ट का आरोपी सात साल बाद गिरफ्तार

देहरादून, 07 अक्टूबर 2025। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही देहरादून पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग से दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था।
थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से संबंधित यह मामला वर्ष 2018 का है। 25 जुलाई 2018 को केदारपुरम निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी कि दीपनगर निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बग्गा ने उसकी 14 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। इस पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तत्काल मु.अ.सं. 199/18 धारा 363, 366A, 368, 376, 115, 506, 504 आईपीसी और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा था।
हालांकि अदालत से जमानत मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया और तब से लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदलता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर फरार अभियुक्तों की धरपकड़ अभियान के तहत नेहरू कॉलोनी थाने की टीम ने लगातार दबिशें दीं और मुखबिर तंत्र के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। पुलिस के प्रयास आखिरकार रंग लाए और 6 अक्टूबर 2025 को आरोपी बलविंदर सिंह को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के भीकमपुर गांव से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कमलेश गौड़ (चौकी प्रभारी, डिफेंस कॉलोनी) और हेड कांस्टेबल वरुण खंडूरी शामिल रहे।


