नशे की जरूरत पूरी करने को कर दी केयरटेकर की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, दो गिरफ़्तार

देहरादून, 29 अगस्त। राजपुर थाना क्षेत्र के सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास निर्माणाधीन मकान में हुई हत्या की गुत्थी दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
घटना 28 अगस्त की सुबह सामने आई, जब 68 वर्षीय जर्रार अहमद, जो वहां केयरटेकर के रूप में कार्यरत थे, मृत अवस्था में पाए गए। उनके सिर पर चोट के निशान थे और खून बह रहा था। प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध पाया गया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। ठेकेदार की तहरीर पर राजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू हुई।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को चिन्हित किया। बाद में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रवीन रावत उर्फ अमन और पवन कुमार, दोनों निवासी राजपुर क्षेत्र, को आर्चिड पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और चोरी की नीयत से साइट पर पहुंचे थे। वहां सो रहे केयरटेकर की जेब से मोबाइल और नकदी निकाल ली, लेकिन विरोध करने पर लोहे की सरिये से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त सरिया बरामद कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना की है।


