पलटन बाजार में मुख्यमंत्री ने लगाए स्टीकर

‘स्वदेशी अपनाने’ व ‘वोकल फॉर लोकल’ का दिया संदेश
देहरादून के ऐतिहासिक पलटन बाजार में बुधवार को एक अलग ही माहौल नजर आया, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं बाजार पहुंचे और “स्वदेशी अपनाओ, राष्ट्र को आगे बढ़ाओ” मुहिम का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के आह्वान को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल को लेकर मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और आम लोगों से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वदेशी को अपनाना केवल एक आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि यह हर भारतीय का राष्ट्रीय कर्तव्य है। जब हम अपने देश में बनी वस्तुओं को प्राथमिकता देते हैं, तो यह न सिर्फ भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के आत्मनिर्भर बनने का मार्ग भी प्रशस्त करता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से देश का पैसा देश में ही रहेगा और यही भारत को वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाएगा।”
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर पलटन बाजार की कई दुकानों का भ्रमण किया और स्वयं अपने हाथों से “स्वदेशी अपनाओ – राष्ट्र को मजबूत बनाओ” के स्टीकर दुकानों पर लगाए। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों पर स्वदेशी नाम पटिकाएं अवश्य लगाएं, ताकि ग्राहकों में स्वदेशी वस्तुओं के प्रति गौरव और भरोसे की भावना मजबूत हो। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहारों, उपहारों और रोज़मर्रा की ज़रूरतों में विदेशी सामान की बजाय स्वदेशी विकल्पों को प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला भी है। “जब हम अपने देशी उत्पादों को सम्मान देंगे, तभी आत्मनिर्भर भारत का संकल्प और भी दृढ़ होगा,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। “स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ” के नारों से गूंजते पलटन बाजार में माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो उठा।


