भ्रष्टाचार और वोट डकैती के खिलाफ कांग्रेस का राजभवन कूच, पुलिस से तीखी झड़प

देहरादून, 26 अगस्त। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन कूच कर भाजपा सरकार पर जमकर हल्ला बोला। कांग्रेस नेताओं ने भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कथित धांधली का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रस्तावित राजभवन कूच के लिए हजारों कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में जुटे। यहां से कड़ी सुरक्षा के बीच राजपुर रोड होते हुए जब जुलूस कैंट रोड पर पहुंचा तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान पुलिस व प्रदर्शन कार्यों के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली। कई नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। आखिरकार सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी की मौजूदगी में करीब डेढ़ सौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला है और भाजपा नेताओं की शह पर महिलाओं पर हमले बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत चुनावों में भाजपा ने आयोग की मिलीभगत से वोट डकैती की है और आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। माहरा ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड को बिहार और यूपी जैसी स्थिति में पहुंचा दिया है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून व्यवस्था हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है और जनता को केवल निराशा और बदहाली ही मिली है। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने एलान किया कि अब कांग्रेस की लड़ाई आर-पार की होगी और 2027 के विधानसभा चुनाव तक भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अब यह संघर्ष लंबा चलेगा और जनता की आवाज को दबाने की हर कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस राजभवन कूच का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, हीरा सिंह बिष्ट, शूरवीर सजवाण सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने किया।


