कानून–व्यवस्था और आपदा के मुद्दे पर आज राजभवन कूच करेगी कांग्रेस
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी और पंचायत चुनावों में कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। इसी कड़ी में आज पार्टी राजभवन कूच करेगी। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश पूरी तरह अराजकता की चपेट में आ चुका है और कानून का राज नाममात्र का रह गया है।
पंचायत चुनाव के बाद से ही कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो रखी है और विधानसभा से लेकर सड़कों तक भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
कांग्रेस पार्टी कार्यालय में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में आपराधिक तत्व खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर हाल ही में हरिद्वार की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म जैसी घटनाओं में भाजपा नेताओं के नाम सामने आए, लेकिन सरकार और संगठन सिर्फ दिखावटी कार्रवाई तक ही सीमित रहे। उनका कहना था कि भाजपा तंत्र महज दो लाइन का निष्कासन पत्र जारी करके अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।
उन्होंने पौड़ी जिले में हुए जितेंद्र सिंह आत्महत्या प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें जिन नामों का खुलासा हुआ, वे भाजपा नेताओं के संरक्षण में लंबे समय से सक्रिय हैं। इतना ही नहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के भांजे के साथ करोड़ों की ठगी करने का मामला भी उजागर हुआ, जिसमें पीड़ित ने वीडियो जारी कर आत्महत्या की धमकी तक दे दी। धस्माना ने आरोप लगाया कि जब खुद भाजपा के बड़े नेता अपने परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाने को मजबूर हों, तो आम लोगों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पंचायत चुनावों का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि नैनीताल और बेतालघाट जैसे क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी में अपहरण और फायरिंग जैसी घटनाएं हुईं। खुलेआम हथियार लहराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक उड़ाया गया।
आपदा प्रबंधन पर सरकार की नाकामी को उजागर करते हुए धस्माना ने कहा कि आज पूरा उत्तराखंड आपदाग्रस्त है। उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल समेत कई क्षेत्रों में तबाही मची हुई है, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का सही आंकड़ा तक जारी नहीं कर पाई है। चारधाम यात्रा मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं।
आज होने वाले राजभवन कूच में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल समेत सभी बड़े नेता शामिल होंगे।


