महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रदर्शन, फेंका गोबर

भारी सुरक्षा के बीच पुलिस ने बैरीकेडिंग कर रोका, हंगामा बढ़ने पर किया गिरफ्तार
देहरादून, 03 सितंबर। राजधानी देहरादून में मंगलवार को महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और हरक सिंह रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच किया। जहां उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोबर लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि वे भाजपा दफ्तर का शुद्धिकरण करना चाहते हैं। हालांकि, पुलिस ने कार्यालय के बाहर पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी और कांग्रेसियों को कार्यालय से पहले ही रोक लिया जहां उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई।

ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक निजी कंपनी की सर्वे रिपोर्ट में देहरादून को महिलाओं के लिए देश के असुरक्षित शहरों में शामिल बताया गया है, जो प्रदेश सरकार की नाकामी को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। रौतेला ने यह भी सवाल उठाया कि जब महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल नदारद दिखाई देता है तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान क्यों तैनात किए गए। हंगामा ज्यादा बढ़ने पर पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह इस सर्वे रिपोर्ट ने देहरादून की छवि को धूमिल किया है, उससे बाहर निकालने के लिए वह और कांग्रेस कार्यकर्ता खून-पसीना एक कर देंगे।
इस प्रदर्शन के बाद राजधानी में एक नई परिपाटी की शुरुआत हो गई है जिसमें प्रदेश के दोनों प्रमुख दल एक दूसरे के पार्टी मुख्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं। इससे पहले सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया था। आजकांग्रेस के प्रदर्शन को उसी का जवाब माना जा रहा है। उधर जब कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के पास प्रदर्शन कर रहे थे इस दौरान भाजपा की कुछ महिला कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय के गेट पर चाय के कप लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए खड़ी थी।


