देहरादून-बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

देहरादून-बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू, सीएम धामी ने किया शुभारंभ

देहरादून, 15 सितंबर। उत्तराखंड के हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून-बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नई उड़ान प्रदेश के पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी और साथ ही दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी, व्यापार और शिक्षा के अवसरों को और मजबूत करेगी।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से परिचालन की शुरुआत करते हुए राजधानी बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानों की सुविधा दी है। इसके साथ ही 18 अन्य प्रमुख शहरों—जिनमें चेन्नई, गोवा, पुणे, विशाखापत्तनम और कोच्चि जैसे गंतव्य शामिल हैं—के लिए भी सुविधाजनक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। एयरलाइन के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि यह एयर इंडिया एक्सप्रेस का 58वां स्टेशन है और देहरादून को देश के आर्थिक और शैक्षिक केंद्र बेंगलुरु से सीधे जोड़ना उनके नेटवर्क विस्तार का अहम कदम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बेंगलुरु देश की तकनीकी राजधानी है और वहां उत्तराखंड के हजारों युवा शिक्षा, सेवा और स्टार्टअप क्षेत्रों में कार्यरत हैं। नई सीधी हवाई सेवा उनके लिए बड़ा लाभ साबित होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बीते वर्षों में हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए कई ठोस कदम उठा चुकी है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, वहीं पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कार्य भी तेज गति से चल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को हवाई, रेल और सड़क मार्ग से तेज और सुलभ संपर्क से जोड़ना है, जिससे पर्यटन के साथ-साथ निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ें।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जानकारी दी कि देहरादून से बेंगलुरु की पहली उड़ान सोमवार शाम 4:30 बजे रवाना हुई और 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस सेवा के लिए तैनात नए बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐपण’ कला को दर्शाने वाला टेल आर्ट सजाया गया है, जो ‘टेल्स ऑफ इंडिया’ पहल का हिस्सा है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए विशेष ऑफ़र और ‘एक्सप्रेस हॉलिडे’ जैसे आकर्षक पैकेज भी लॉन्च किए हैं।

फ्लैग ऑफ समारोह में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक बृज भूषण गैरोला, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयर इंडिया एक्सप्रेस के पदाधिकारी, यात्री तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

uncut24x7.com

By Raju Pushola

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कुंभ मेला क्षेत्र लालजीवाला अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

Mon Sep 15 , 2025
कुंभ मेला क्षेत्र लालजीवाला अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई हरिद्वार, 15 सितंबर। जिला प्रशासन ने कुंभ मेला क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में बड़ी कार्यवाही की है। सोमवार को लालजीवाला क्षेत्र में बसे अवैध झुग्गियों और झोपड़ियों को प्रशासनिक अमले ने हटवा दिया। इस अभियान का […]

You May Like

Chief Editor

Annu Pushola

Share
error: Content is protected !!