देहरादून में पुलिस विभाग में फेरबदल, कई निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के तबादले

देहरादून, 6 अक्टूबर 2025। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जनपद में कार्यरत निरीक्षकों एवं उप निरीक्षकों के तबादले आदेश जारी किए हैं। रविवार को देर रात जारी इस आदेश के तहत छह निरीक्षकों सहित कई उप निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।

जारी सूची के अनुसार, निरीक्षक कैलाश चंद भट्ट को कोतवाली कैंट से कोतवाली ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि निरीक्षक प्रदीप सिंह राणा को कोतवाली ऋषिकेश से कोतवाली डोईवाला स्थानांतरित किया गया है। इसी प्रकार निरीक्षक कमल कुमार लुंठी को कोतवाली डोईवाला से थाना कैंट, तथा निरीक्षक संतोष कुंवर को कोतवाली मसूरी से एसआईआई शाखा (पुलिस कार्यालय) भेजा गया है।

निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान का स्थानांतरण एसआईआई शाखा से कोतवाली मसूरी किया गया है। वहीं निरीक्षक प्रदीप रावत को थाना वसंत विहार से थाना राजपुर भेजा गया है।

उप निरीक्षकों में अशोक राठौर को कोतवाली विकासनगर से थाना अध्यक्ष वसंत विहार, विनय मित्तल को थाना त्यूनी से चौकी प्रभारी ललतपड़, कोतवाली डोईवाला तथा अश्वनी बड़ौनी को कोतवाली ऋषिकेश से थानाध्यक्ष त्यूनी बनाया गया है। इसके अलावा 43 उप निरीक्षकों को इधर से उधर किया गया है जबकि पुलिस लाइन में प्रतिक्षा में बैठे आठ को नई तैनाती दी गई है।

एसएसपी कार्यालय से जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।


